, , , ,

भारतीय इकोनॉमी को नुकसान पाकिस्तान से छपे फर्जी नोट नेपाल के रास्ते बिहार पहुंच रहे

पाकिस्तान में तैयार किए गए 100 और 200 रुपये के नकली भारतीय नोट बड़ी संख्या में नेपाल के रास्ते बिहार पहुंचाए जा रहे हैं। सीमा पार कर इन नोटों को बिहार के अलग-अलग बाजारों तक पहुंचाया जा रहा है। छोटे मूल्य के नोट होने की वजह से इन्हें आसानी से बाजार में चला दिया जाता है। इस नेटवर्क में पाकिस्तानी एजेंटों के साथ नेपाली, बिहार और उत्तर प्रदेश के तस्कर शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि बिहार भेजे जा रहे ये नकली नोट बेहद अच्छी क्वालिटी के हैं, जिन्हें आम तौर पर पहचान पाना मुश्किल होता है। इसी का फायदा उठाकर बाजारों में जाली नोट खपाए जा रहे हैं।

बिहार एसटीएफ ने बताया कि 30 जनवरी को मोतिहारी के हरैया थाना क्षेत्र से नेपाल के बागमती प्रदेश के जाली नोट तस्कर तिलक बहादुर और बारा जिले के गमरगावा निवासी सरोज कुमार को गिरफ्तार किया गया था। इनके पास से 18,500 रुपये के नकली भारतीय नोट बरामद हुए। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर मोतिहारी पुलिस ने सीतामढ़ी जिले के मेजरगंज से छह और मधुबनी से एक अन्य नकली नोट तस्कर को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों के पास से नकली नोट छापने में इस्तेमाल होने वाला कागज भी जब्त किया गया।

29 जनवरी को इससे पहले बिहार एसटीएफ और एसएसबी की संयुक्त टीम ने मधुबनी जिले के हरलाखी इलाके में सीमा के पास कार्रवाई करते हुए स्थानीय जाली नोट तस्कर मुकेश महतो और सिलकर पंडित को गिरफ्तार किया था। उनके पास से 200 रुपये के 173 नकली नोट बरामद किए गए थे, जिनकी कुल कीमत 34 हजार 600 रुपये थी। जब्त किए गए नोटों की छपाई और गुणवत्ता इतनी बेहतर थी कि उन्हें असली से अलग पहचानना मुश्किल था।

इसी कड़ी में मंगलवार को मधुबनी के नो-मेंस लैंड क्षेत्र से करीब 14 लाख रुपये के नकली भारतीय नोट बरामद किए गए, जिन्हें एसएसबी ने दो तस्करों के पास से जब्त किया। नेपाल सीमा से लगातार नकली नोटों की खेप भारत में पहुंचने की घटनाओं को देखते हुए बिहार एसटीएफ ने मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, मोतिहारी, दरभंगा और मधुबनी समेत कई जिलों की पुलिस को सतर्क कर दिया है। वहीं, तिरहुत रेंज के डीआईजी चंदन कुशवाहा ने भी वैशाली, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और शिवहर जिले की पुलिस को अलर्ट रहने और सूचना तंत्र मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।

Input: Live Hindustan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *